लॉकडाउन का आज 20वां दिन है। मध्य प्रदेश में कोरोेना संक्रमितों का ग्राफ तेजी से बढ़ता जा रहा है। रविवार रात भोपाल में चौथे आईएएस अधिकारी सोमेश मिश्रा कोरोना पाॅजीटिव पाए गए। वे चिकित्सा शिक्षा विभाग में पदस्थ हैं। उन्हें चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया। इससे पहले जे विजय विजय कुमार, पल्लवी जैन गोविल और गिरीश शर्मा भी कोरोना संक्रमित मिले थे। भोपाल में अब तक 142 संक्रमित हो गए हैं। जबकि 3 मौतें हो गईं हैं। जबकि इंदौर में रविवार में 8 नए केस मिले और दो ने दम तोड़ा। यहां अब तक 306 संक्रमित और 32 की मौत हो चुकी है। प्रदेश में 585 कोरोना पॉजिटिव हैं और 43 की मौत हो गई है।
आज शाम तक 1200 पैंडिंग सैंपल की जांच रिपोर्ट आनी है। ये सैंपल इंदौर से रविवार को स्टेट प्लेन से दिल्ली भेजे गए थे। पहले भी 500 नमूने भेजे जा चुके हैं। कुल 1700 सैंपल की जांच रिपोर्ट आज ही आएगी। इससे स्पष्ट हो सकेगा कि अब तक प्रदेश में कुल कितने संक्रमित मरीज हैं। इसके साथ सरकार ने दिल्ली से दवाएं भी मंगाई हैं। इसमें 10 लाख 50 हजार हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन और 80 हजार एजीथ्रोमाइसिन टैबलेट हैं, जो गले में इंफेक्शन के दौरान दी जाती हैं। कोरोना संदिग्धों के सैंपल लेकर गए विमान से ही ये दवाएं लाई गई हैं।